राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण दिवस-2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की द्वितीय जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक

राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण दिवस-2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की द्वितीय जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक



28 जून को जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 2,41,301 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद खुराक

2,329 बूथों पर चलेगा विशेष अभियान, 423 सुपरवाइजर किए गए प्रतिनियुक्त

बूथ दिवस पर ही शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के दिए गए निर्देश

संतोष वर्मा

Chaibasaःराष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण दिवस के सफल आयोजन को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से द्वितीय जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी तथा अभियान से जुड़े अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में उपायुक्त ने राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल स्वास्थ्य विभाग की नहीं, बल्कि सभी विभागों एवं समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में बताया गया कि 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण दिवस के अवसर पर जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 2,41,301 बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए जिलेभर में 2,329 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं तथा अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 423 सुपरवाइजरों की प्रतिनियुक्ति की गई है। बूथों पर प्रशिक्षित दल तैनात रहेंगे ताकि प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो रोधी खुराक पहुंचाई जा सके।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अभियान के प्रथम दिन अर्थात बूथ दिवस पर ही अधिकतम बच्चों को पोलियो की खुराक देना सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र बच्चे का टीकाकरण छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूर्व से ही माइक्रोप्लान के अनुरूप कार्य करें तथा आंगनबाड़ी सेविका, सहिया, एएनएम एवं अन्य फील्ड कर्मी घर-घर संपर्क स्थापित कर अभिभावकों को जागरूक करें। जिन क्षेत्रों में पहुंचना कठिन है अथवा प्रवासी एवं घुमंतू परिवार निवास करते हैं, वहां भी विशेष रणनीति बनाकर प्रत्येक बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी प्रखंडों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान बूथों का नियमित निरीक्षण करें, टीकाकरण दलों की उपस्थिति एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही अभियान की प्रगति की सतत समीक्षा करते हुए प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ आंगनवाड़ी केंद्र पर अवश्य लेकर जाएं और उन्हें पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक खुराक अवश्य पिलवाएं। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे को पूर्व में पोलियो की खुराक मिल चुकी है, तब भी राष्ट्रीय अभियान के दौरान निर्धारित अतिरिक्त खुराक अवश्य दिलाएं, क्योंकि "हर बार पोलियो की दो बूंद" बच्चों की सुरक्षा को और मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग पश्चिमी सिंहभूम को पोलियो मुक्त जिला के रूप में बरकरार रखने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध एवं क्रियाशील है। सभी नागरिकों के सहयोग से ही यह जनस्वास्थ्य अभियान पूर्ण रूप से सफल होगा।

*जिला प्रशासन की अपील:-*

"28 जून 2026 को अपने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं। आइए, हम सभी मिलकर अपने बच्चों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करें और 'दो बूंद हर बार, पोलियो पर हमारी जीत रहे बरकरार' के संकल्प को साकार बनाएं।"

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post