न्यूज डेस्क: पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक एवं वरिष्ठ जननेता बेनी प्रसाद गुप्ता का बुधवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, बेनी प्रसाद गुप्ता लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बुधवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों द्वारा उन्हें पाकुड़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेनी प्रसाद गुप्ता का राजनीतिक जीवन काफी सक्रिय रहा। वे पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर दो बार विधायक निर्वाचित हुए थे। इसके अलावा बिहार के विभाजन से पूर्व वे दो बार बिहार विधानसभा के सदस्य भी रह चुके थे। क्षेत्र के विकास एवं जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर उनकी पहचान एक जनप्रिय नेता के रूप में रही।
उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। विभिन्न संगठनों और गणमान्य लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
