Saraikela News: आदित्यपुर प्रभात पार्क के आसपास अव्यवस्था व अवैध गतिविधियों की शिकायत, वार्ड पार्षद ने विधायक चम्पाई सोरेन से लगाई गुहार


सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 17 स्थित प्रभात पार्क के आसपास बढ़ती अव्यवस्था, कथित अवैध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों की मौजूदगी को लेकर स्थानीय दुकानदारों और वार्ड पार्षद श्रीमती नीतू शर्मा ने विधायक चम्पाई सोरेन से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की है।

वार्ड पार्षद श्रीमती नीतू शर्मा ने विधायक को बताया कि प्रभात पार्क घूमने-फिरने और परिवारों के मनोरंजन का स्थान है, लेकिन पार्क के आसपास संचालित कुछ दुकानों से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अन्य दुकानदारों को डराकर अवैध रूप से पैसे की उगाही करते हैं तथा नशीले पदार्थों की बिक्री भी की जाती है। शाम होते ही क्षेत्र में नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे आम लोगों और पार्क आने वाले परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में आए दिन मारपीट, चाकूबाजी और राहगीरों से मोबाइल छिनतई जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसे देखते हुए पार्क के आसपास संचालित दुकानों को हटाकर अन्य उपयुक्त स्थान पर व्यवस्थित करने की मांग की गई है।

मामले पर विधायक चम्पाई सोरेन ने कहा कि प्रभात पार्क क्षेत्र की जांच कराई जाएगी। यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो नगर निगम के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करते हुए दुकानों को वहां से हटाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्क के आसपास गंदगी, अवैध गतिविधियों और कमीशनखोरी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही झूठ बोलकर लोगों से पैसे की उगाही करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और नगर निगम की पहल से प्रभात पार्क क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण बहाल हो सकेगा।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post