सरायकेला। जिला समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 की निर्धारित कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर विभिन्न माध्यमों से अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जबकि यह पूरी तरह भ्रामक है। सभी पात्र मतदाताओं का नाम निर्धारित मैपिंग एवं सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से नई मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि एसआईआर 2026 के तहत अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। तैयारी, प्रशिक्षण एवं मुद्रण कार्य 20 जून से 29 जून तक संपन्न होगा। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। साथ ही मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी 29 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अवधि निर्धारित की गई है। दावा एवं आपत्तियों के निष्पादन तथा नोटिस संबंधी प्रक्रिया 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में प्रशासन का सहयोग करें। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार एवं पारुल सिंह भी उपस्थित थे।
