Saraikela News: सिरुम से शुरू हुआ नशा मुक्ति अभियान, नशा मुक्त समाज बनाने का लिया गया संकल्प

नशा मुक्त होगा गांव-समाज तभी बनेगा समृद्ध जिला: मधुश्री महतो


कुकड़ू| सरायकेला-खरसावां जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो के नेतृत्व में गुरुवार को कुकड़ू प्रखंड के मध्य विद्यालय सिलम में नशा मुक्ति अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं तथा जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश दिया।

इस अवसर पर मधुश्री महतो ने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है। शराब, तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से परिवार टूट रहे हैं और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि “जन-जन का एक ही नारा, नशा मुक्त हो जिला और प्रखंड हमारा” केवल नारा नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन का संकल्प है।

उन्होंने लोगों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं को शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे की गिरफ्त से बचाया जा सकता है। साथ ही गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा।

मधुश्री महतो ने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन का रूप देना होगा। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देने तथा समाज के जिम्मेदार नागरिकों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज बनाने का सामूहिक संकल्प लिया और अभियान को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा जताया। इस मौके पर लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की भी जानकारी दी गई।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post