सरायकेला: अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर सीआरपीएफ की 134वीं बटालियन, दुगुनी द्वारा शुक्रवार को विशेष नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। कमांडेंट त्रिलोक नाथ सिंह के निर्देशन में आयोजित अभियान के तहत युवाओं एवं आम लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों से संवाद किया और नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक तथा स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी। जागरूकता के लिए पोस्टर लगाए गए तथा वाहनों पर संदेशयुक्त स्टीकर भी चिपकाए गए। साथ ही लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर कमांडेंट त्रिलोक नाथ सिंह ने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है। युवाओं को इससे दूर रखकर ही देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रही है।
कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी दीपेंद्र कुमार, उप कमांडेंट पुरुषोत्तम वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवान उपस्थित रहे।
