Chaibasa News: सुरक्षा और विकास को लेकर डीआईजी सीआरपीएफ से मिले उपायुक्त व एसपी


चाईबासा/संतोष वर्मा: पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनु ने बुधवार को चाईबासा स्थित सीआरपीएफ डीआईजी विनोद कार्तिक के कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान जिले में सुरक्षा, विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में नक्सल उन्मूलन अभियान की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा बलों एवं जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास की गति को तेज करने पर जोर दिया।

चर्चा के दौरान जिले के सुदूरवर्ती एवं दुर्गम क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, आजीविका संवर्धन तथा आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य जिले के प्रत्येक क्षेत्र, विशेषकर दूरस्थ एवं दुर्गम इलाकों तक विकास की मुख्यधारा पहुंचाना तथा लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभागों एवं सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से लगातार कार्य किया जा रहा है।

बैठक में यह भी कहा गया कि सुरक्षा और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दुर्गम क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post