सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर त्रिशानु राय ने उपायुक्त को सौंपा पत्र, पांच प्रमुख मुद्दों पर कार्रवाई की मांग
संतोष वर्मा
चाईबासा : चाईबासा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने बुधवार को उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला सड़क सुरक्षा समिति, पश्चिमी सिंहभूम को पत्र सौंपकर सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इन मुद्दों को प्राथमिकता से उठाते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।पत्र में उन्होंने रतनलाल पेट्रोल पंप के समीप स्पष्ट एवं रात्रि में दिखाई देने वाला नो-एंट्री संकेतक बोर्ड लगाने, शहरी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त रम्बल स्ट्रिप/गति अवरोधकों को मानक के अनुरूप दुरुस्त करने तथा आमला टोला रेलवे अंडरपास में पर्याप्त प्रकाश एवं स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।इसके अलावा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील यातायात स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा केंद्रीय मॉनिटरिंग रूम स्थापित करने का आग्रह किया गया है, ताकि यातायात नियमों के उल्लंघन एवं दुर्घटनाओं की निगरानी कर त्वरित कार्रवाई की जा सके।त्रिशानु राय ने शहर में नशे की स्थिति में घूमने वाले नाबालिग बच्चों की समस्या को भी गंभीरता से उठाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों की गतिविधियों से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस समस्या को केवल कानून-व्यवस्था का विषय न मानकर बाल सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा से जोड़ते हुए पुलिस, प्रशासन एवं बाल संरक्षण विभाग के समन्वय से विशेष अभियान चलाने, साथ ही बच्चों के परामर्श एवं पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की गई है।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियंत्रण तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह आम नागरिकों के जीवन और सुरक्षा से सीधे जुड़ा मामला है। इसलिए इन सभी बिंदुओं पर संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश देकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
