Jamshedpur BLA's Training: झामुमो द्वारा जमशेदपुर में बीएलए प्रशिक्षण शिविर आयोजित, मतदाता सूची की शुद्धता व बूथ सशक्तिकरण पर जोर

सिदगोड़ा में BLA प्रशिक्षण शिविर आयोजित, बूथ सशक्तिकरण पर दिया गया जोर...

बूथ से लोकतंत्र तक: झामुमो ने कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी प्रशिक्षण


जमशेदपुर/सुनील कुमार साहू: जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से एक दिवसीय बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ताओं (BLA) का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने की, जबकि केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण शिविर में केंद्रीय समिति के सदस्यों, जिला समिति के पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, प्रखंड अध्यक्षों, पंचायत अध्यक्षों तथा विभिन्न बूथों से चयनित BLA ने बड़ी संख्या में भाग लिया। शिविर के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से मतदान प्रक्रिया, मतदाता सूची प्रबंधन एवं संगठनात्मक दायित्वों से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

मुख्य अतिथि विनोद कुमार पाण्डे ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में बूथ समितियों एवं BLA की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा हो।

उन्होंने कहा कि हाल के चुनावों में मतदाता सूचियों से नाम हटाए जाने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में प्रशिक्षित और जागरूक कार्यकर्ताओं को लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि जागरूक और सशक्त मतदाता ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति हैं। शिविर में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने तथा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सबिता महतो, मंगल कालिंदी, संजीव सरदार, सोमेश चन्द्र सोरेन, मोहन कर्मकार, शेख बदरुद्दीन, हिदायत खान, प्रमोद लाल, सुमन महतो, राजू गिरी, कुणाल षड़ंगी, लक्ष्मण टुडू, बारी मुर्मू, पंकज सिन्हा, सोमवारी सोरेन एवं सरोज महापात्र सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति ने किया।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post