डीडीसी व एसडीपीओ चक्रधरपुर नें संयुक्त रूप से किया बंदगांव प्रखंड में विकास योजनाओं का निरीक्षण

 डीडीसी व एसडीपीओ चक्रधरपुर नें संयुक्त रूप से किया बंदगांव प्रखंड में विकास योजनाओं का निरीक्षण



संतोष वर्मा

Chaibasaःउप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर ने बंदगांव प्रखंड में विभिन्न विकास योजनाओं का किया स्थल निरीक्षण, रक्तदान कर किया जनसेवा का संदेश प्रसारित

उप विकास आयुक्त, पश्चिमी सिंहभूम श्री उत्कर्ष कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी द्वारा बंदगांव प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लांडूपदा, भालूपानी, बंदगांव एवं मेरोमगुटू में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, बंदगांव श्री भीखम कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी श्री अमरजीत कुजूर, मुखिया भालूपानी श्रीमती सावित्री मेलगांड़ी, मुखिया मेरोमगुटू श्री चिरपी बोदरा, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, लघु सिंचाई प्रमंडल एवं एन.आर.ई.पी. के सहायक अभियंता, संबंधित विभागों के कनीय अभियंता तथा क्रियान्वयन एजेंसियों के कर्मी उपस्थित रहे। 

निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त द्वारा मनरेगा अंतर्गत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत पोल्ट्री शेड एवं निर्माणाधीन गाय शेड, ग्रामीण विकास विभाग के तहत निर्माणाधीन अबुआ आवास योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों के आवास निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। इस दौरान लाभुकों को निर्माण कार्य में तेजी लाने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

इसके अतिरिक्त जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) मद से संचालित निर्माणाधीन पीसीसी सड़क एवं छह कमरों वाले विद्यालय भवन निर्माण कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित कनीय अभियंताओं एवं सहायक अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही पंचायत भवनों में 15वें वित्त आयोग मद से किए जा रहे सुदृढ़ीकरण कार्य, स्वीकृत योजनाओं की प्रगति तथा व्यय की स्थिति की भी समीक्षा की गई तथा सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर जलछाजन विकास से संबंधित टी.सी.बी., लूज बोल्डर चेक डैम, तालाब निर्माण एवं विभिन्न कृषि विकास कार्यों का भी स्थल निरीक्षण किया गया तथा इनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर बल दिया गया।

निरीक्षण उपरांत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बंदगांव में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी सहित जिला स्तर से उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा रक्तदान किया गया। इसके पश्चात पूर्व में रक्तदान कर चुके रक्तदाताओं को रक्तदान प्रशस्ति-पत्र एवं कॉफी मग प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने एवं मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post