Saraikela COTPA Raid: विद्यालयों के आसपास तंबाकू बिक्री पर प्रशासन सख्त, विशेष छापामारी अभियान में कई दुकानों पर कार्रवाई


सरायकेला: खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन के नेतृत्व में गुरुवार की शाम सरायकेला मुख्यालय क्षेत्र में कोटपा (COTPA) अधिनियम के प्रभावी अनुपालन को लेकर विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग एक दर्जन दुकानों एवं गुमटियों की जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले कई दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान पान मसाला, तंबाकू एवं सिगरेट बेचने वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार विद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में संचालित दुकानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में ऐसे दुकानों की जांच की गई जो कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का पालन नहीं कर रहे थे।

निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की गई। जब्त उत्पादों पर एक्सपायरी तिथि, निर्माता कंपनी का नाम तथा अन्य आवश्यक विवरण अंकित नहीं पाए गए। इसके अलावा तंबाकू उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए कई अवैध साइन बोर्डों को भी हटाया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने दुकानदारों को तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रावधानों की जानकारी देते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा विद्यार्थियों को तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post