जिले में 24×7 दवा उपलब्धता एवं नशा युक्त दवाओं की बिक्री पर नियंत्रण को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने केमिस्ट एसोसिएशन के साथ की बैठक

जिले में 24×7 दवा उपलब्धता एवं नशा युक्त दवाओं की बिक्री पर नियंत्रण को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने केमिस्ट एसोसिएशन के साथ की बैठक



santosh verma

Chaibasa  ःपश्चिमी सिंहभूम जिले में आम नागरिकों को आवश्यक दवाओं की निर्बाध एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नशा युक्त दवाओं की अवैध बिक्री एवं दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में उपायुक्त  मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनु की संयुक्त अध्यक्षता में जिले के केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रारंभिक चरण में जिले के शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान भी 24×7 आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस क्रम में केमिस्ट एसोसिएशन से संगठन स्तर पर रोस्टर प्रणाली तैयार करने को कहा गया, जिसके तहत निर्धारित समयावधि के अनुसार विभिन्न दवा दुकानों का संचालन किया जा सके। इससे रात के समय अथवा आकस्मिक स्वास्थ्य परिस्थितियों में लोगों को दवा के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी।



उपायुक्त ने बैठक के दौरान कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाएं आम जनता की मूल आवश्यकताओं से संबंधित हैं, इसलिए दवा दुकानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आवश्यक दवाओं की उपलब्धता के साथ-साथ दवा विक्रेताओं की सामाजिक जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में नशा युक्त अथवा प्रतिबंधित दवाओं की अनियमित एवं अवैध बिक्री नहीं होनी चाहिए। दवा विक्रेता निर्धारित नियमों, लाइसेंस शर्तों तथा दवा नियंत्रण संबंधी प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान यह भी चर्चा की गई कि कुछ दवाओं का दुरुपयोग नशे के उद्देश्य से किए जाने की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए दवा दुकानदारों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उपायुक्त ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन के साथ-साथ दवा व्यवसायियों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी को समन्वित रूप से कार्य करने की आवश्यकता है।

पुलिस अधीक्षक ने बैठक के दौरान दवा दुकानों में सुरक्षा मानकों को और अधिक मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने सभी दवा प्रतिष्ठानों में दुकान के अंदर एवं बाहर कार्यशील सीसीटीवी कैमरे स्थापित रखने तथा उसके फुटेज को निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और आवश्यक कार्रवाई में सहायता मिलेगी। पुलिस अधीक्षक ने दवा विक्रेताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा असामान्य मात्रा में दवाओं की खरीद की जाती है अथवा किसी प्रकार की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होती है, तो उसकी जानकारी तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस विभाग के साथ साझा करें। उन्होंने कहा कि ऐसी सूचनाएं समाज में नशा संबंधित गतिविधियों की रोकथाम तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सिविल सर्जन डॉ.जुझार माझी, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, औषधि नियंत्रण विभाग के प्रतिनिधि तथा जिले के केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में प्रशासन द्वारा सभी संबंधित पक्षों से जनहित को प्राथमिकता देते हुए समन्वित रूप से कार्य करने की अपील की गई।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post