Saraikela CRPF Yoga Day: सीआरपीएफ 134वीं बटालियन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ विशेष आयोजन


सरायकेला-खरसावां: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह दुगनी स्थित सीआरपीएफ की 134वीं बटालियन कैंप में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह छह बजे आयोजित कार्यक्रम में बटालियन के अधिकारियों, जवानों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट त्रिलोकनाथ सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जीवन में सुधार और सफलता के लिए केवल योगासन एवं प्राणायाम ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि योग के सिद्धांतों को भी जीवन में अपनाना आवश्यक है। पतंजलि के अष्टांग योग का उद्देश्य मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करना है। उन्होंने विश्व समुदाय से भारत सरकार के योग अभियान से जुड़ने की अपील की।

कमांडेंट ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक शैली है। योग के बाद व्यक्ति के आचरण में सकारात्मक बदलाव आना भी आवश्यक है। योग अनुशासित जीवन जीने और सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में तिरंगा जी एकेडमी के छात्र-छात्राओं के साथ कोबरा बटालियन के जवान भी शामिल हुए। मौके पर द्वितीय कमान अधिकारी दीपेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post