उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई ऑनलाइन माध्यम से “जन भागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के सफल कार्यान्वयन को लेकर बैठक
उपायुक्त ने कहा कल आयोजित होने वाले “आहार दिवस” के अवसर पर सभी संबंधित अधिकारी रोस्टर के अनुसार अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर आहार वितरण कार्य का निरीक्षण करेंगे
santosh verma
Chaibasaःजिला उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में ऑनलाइन माध्यम से “जन भागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के सफल कार्यान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत संचालित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देश दिया गया कि अभियान के प्रभावी संचालन हेतु आदि सेवा केंद्रों का टैगिंग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जेएसएलपीएस द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
जिला उपायुक्त ने बताया कि कल आयोजित होने वाले “आहार दिवस” के अवसर पर सभी संबंधित अधिकारी रोस्टर के अनुसार अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर आहार वितरण कार्य का निरीक्षण करेंगे,
बैठक में निर्देशित किया गया कि “जन भागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के तहत सभी क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां आम नागरिकों को स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
अभियान के अंतर्गत जिला, प्रखंड एवं ग्राम स्तर पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य जांच शिविर, अधिकार एवं लाभ से संबंधित शिविर, जन सुनवाई कार्यक्रम तथा ग्राम संपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना, लाभुकों की समस्याओं का समाधान करना तथा योजनाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराना है।
अभियान की रूपरेखा के अनुसार 18 मई से 25 मई तक “जन भागीदारी सप्ताह” मनाया जाएगा, जिसके तहत प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन की विशेष पहल पर “जन भागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के तहत पंचायत दिवस, आहार दिवस, ट्रांजिट वॉक, रक्तदान शिविर, सखी संवाद, विशेष ग्राम सभा, तिथि भोज सह जन्मोत्सव, स्वास्थ्य शिविर, राजस्व शिविर एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय एवं सामंजस्य स्थापित करते हुए अभियान का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।

