चाईबासा: सदर अस्पताल, चाईबासा के बीएसएनएल कार्यालय की ओर स्थित दूसरे गेट को पुनः खोल दिया गया है। गेट बंद होने से मरीजों, उनके परिजनों तथा आसपास के छोटे दुकानदारों को हो रही परेशानियों को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने उपायुक्त चंदन कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्कालीन प्रशिक्षु आईएएस सह अनुमंडल पदाधिकारी सिद्धांत कुमार को जांच कर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार एवं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शिव चरण हासदा की मौजूदगी में अस्पताल पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया गया।
जांच में पाया गया कि बस स्टैंड रोड स्थित बीएसएनएल कार्यालय की ओर खुलने वाला गेट बंद होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय कर मुख्य द्वार से होकर आना-जाना पड़ रहा था। इससे खासकर बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से आने वाले लोगों को भारी असुविधा हो रही थी। वहीं गेट बंद होने से आसपास के फल, दूध, चाय, बिस्किट तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं के छोटे दुकानदारों के व्यवसाय पर भी असर पड़ा था।
जांच प्रतिवेदन में गेट को पुनः खोलने की अनुशंसा की गई थी। इसके आलोक में उपायुक्त के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने शनिवार को अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया और गेट को फिर से खुलवा दिया। साथ ही अस्पताल प्रबंधन को वहां रिवॉल्विंग गेट एवं सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश भी दिया गया है। गेट खुलने से मरीजों, उनके परिजनों तथा स्थानीय दुकानदारों ने राहत की सांस ली है।
