Saraikela News: उपायुक्त के आदेश पर जिलेभर के स्वास्थ्य केंद्रों का सघन निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के सख्त निर्देश


सरायकेला: उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के अधीनस्थ स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने केंद्रों में भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का गहन अवलोकन किया। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के उपस्थिति पंजी की जांच कर निर्धारित समयानुसार उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने जनरेटर एवं इनवर्टर की कार्यशीलता, एम्बुलेंस की उपलब्धता, चिकित्सा पदाधिकारियों, एएनएम एवं अन्य स्टाफ की उपस्थिति, रोस्टर के अनुपालन, ओपीडी/आईपीडी संचालन, लैब जांच सुविधाएं एवं आवश्यक उपकरणों की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की। जहां-जहां कमियां पाई गईं, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन को सुलभ, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है, ताकि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post