चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सिंगपोखरिया-झिंकपानी रोड पर मंगलवार को सड़क सुरक्षा को लेकर संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। प्रशिक्षु आईपीएस राज कुमार जयाराजू के नेतृत्व में जिला परिवहन विभाग, पुलिस प्रशासन एवं सड़क सुरक्षा टीम द्वारा निरीक्षण करते हुए गलत एवं खतरनाक ढंग से पार्किंग करने वाले 30 वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई की गई। अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहमन टूटी, झिंकपानी थाना प्रभारी राजीव रंजन, मोटरयान निरीक्षक कृष्णा सोरेन एवं नेल्सन तिर्की सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
मौके पर प्रशिक्षु आईपीएस राज कुमार जयाराजू ने भारी वाहन चालकों को गर्मी के मौसम में सड़क से एक चक्का नीचे उतारकर वाहन खड़ा करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने सड़क पर एक तरफ ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए एक ही लाइन में पार्किंग करने तथा ट्रैफिक लाइन के विपरीत दिशा में वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने कहा कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगे भी लगातार इस तरह का अभियान जारी रहेगा।
वहीं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहमन टूटी ने कहा कि यदि खतरनाक ढंग से की गई पार्किंग सड़क दुर्घटना का कारण बनती है तो संबंधित चालक एवं वाहन मालिकों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
