पश्चिमी सिंहभूम में दो साल में 3 DC, हर बार बदला आवास और प्रशासन का अंदाज; टाइल्स-किचन तक बदले, 1 करोड़ से ज्यादा खर्च

 पश्चिमी सिंहभूम में दो साल में 3 DC, हर बार बदला आवास और प्रशासन का अंदाज; टाइल्स-किचन तक बदले, 1 करोड़ से ज्यादा खर्च



पश्चिमी सिंहभूम में पिछले दो वर्षों में तीन उपायुक्त बदले हैं, और हर नए उपायुक्त के साथ न केवल प्रशासनिक कार्यशैली बल्कि उनके आवास का स्वरूप भी बदल गय ...और पढ़ें

 santosh verma

Chaibasa ः पश्चिमी सिंहभूम में पिछले दो वर्षों के दौरान उपायुक्तों के लगातार तबादले के साथ प्रशासनिक कार्यशैली ही नहीं, बल्कि उपायुक्त आवास का स्वरूप भी बार-बार बदलता रहा। जिले में यह चर्चा अब आम हो चुकी है कि जो भी नया उपायुक्त आता है, वह अपने तरीके से डीसी आवास का रिनोवेशन करा देता है।फरवरी 2024 में कुलदीप चौधरी ने जिले की कमान संभाली थी। उनके कार्यकाल में उपायुक्त आवास में बड़े स्तर पर बदलाव कराए गए। भवन निर्माण विभाग की ओर से टाइल्स, रंग-रोगन और इंटीरियर से जुड़े कई कार्य हुए।कुलदीप चौधरी अपने शांत लेकिन सख्त प्रशासनिक अंदाज के लिए चर्चा में रहे। लोकसभा चुनाव और नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार कैंप कर मॉनिटरिंग करने की उनकी कार्यशैली की काफी चर्चा हुई थी।

इसके बाद मई 2025 में चंदन कुमार उपायुक्त बने। उन्होंने भी अपने अनुसार डीसी आवास में बदलाव कराए। प्रशासनिक सख्ती और तेज फैसलों के कारण उनका कार्यकाल काफी चर्चित रहा।कई मामलों में उनके निर्णयों को लेकर मानकी-मुंडा समुदाय ने विरोध भी जताया था। उस दौरान पारंपरिक ग्राम प्रधान व्यवस्था से जुड़े लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए विरोध प्रदर्शन और बैठकें की थीं।

अब अप्रैल 2026 में मनीष कुमार जिले के उपायुक्त बने हैं। वर्तमान में वे सर्किट हाउस में रह रहे हैं और डीसी आवास में फिर से रिनोवेशन का कार्य चल रहा है। भवन प्रमंडल के सूत्रों की मानें तो पिछले दो वर्षों में उपायुक्त आवास पर एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो चुका है।

चर्चा यह भी है कि कई बार छह माह पहले लगाई गई टाइल्स तक उखाड़कर नई टाइल्स लगाई जाती हैं। रंग-रोगन, किचेन और कमरों में आवश्यकता नहीं होने के बावजूद बदलाव किए जाते हैं।सूत्रों के अनुसार कई मामलों में पहले काम करा लिया जाता है और बाद में टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर उसी संवेदक को कार्य आवंटित कर दिया जाता है। हालांकि आधिकारिक स्तर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है।वर्तमान उपायुक्त मनीष कुमार अपनी कार्यशैली को लेकर अधिकारियों के बीच खासे चर्चित हैं। प्रतिदिन सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण, लगातार समीक्षा बैठकें और अधिकारियों को फील्ड विजिट के निर्देश दिए जा रहे हैं।स्वयं उपायुक्त भी देर रात तक कार्यालय में बैठकर योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि पश्चिमी सिंहभूम में हर नए डीसी के साथ सिर्फ चेहरा नहीं, बल्कि पूरा प्रशासनिक अंदाज और डीसी आवास का नक्शा भी बदल जाता है।

दो साल में बदले उपायुक्त

नाम पदभार ग्रहण की तिथि विवरण

कुलदीप चौधरी 14 फरवरी 2024 पूर्व उपायुक्त अनन्य मित्तल से प्रभार लिया

चंदन कुमार  27 मई 2025 कुलदीप चौधरी के स्थान पर नए उपायुक्त नियुक्त

मनीष कुमार  18 अप्रैल 2026 चंदन कुमार से कार्यभार संभाला

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post