राजनगर: राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में बुधवार को क्षेत्र की सांसद जोबा माझी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात की। सांसद के साथ उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, सिविल सर्जन डॉ. एसपी सिंह और राजनगर बीडीओ मलय कुमार हाथीसिरिंग गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
इस दौरान सांसद जोबा माझी ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को राज्य सरकार की ओर से चार लाख रुपये तथा तत्काल सहायता के रूप में 20 हजार रुपये, कुल 4.20 लाख रुपये के दो चेक सौंपे। उन्होंने परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने पीड़िता के बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाने तथा मृतका के पति को आउटसोर्सिंग के माध्यम से गांव के आसपास रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और प्रथम दृष्टया एक चिकित्सक को निलंबित कर दिया गया है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
