चाईबासा: केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने 7 मई 2026 को राज्यव्यापी महाधरना–प्रदर्शन करने की घोषणा की है। जिला मुख्यालय चाईबासा में यह प्रदर्शन पुराना उपायुक्त कार्यालय के सामने सुबह 11 बजे से आयोजित किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने कहा कि भाजपा सरकार के गलत निर्णयों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता की कमर टूट गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जबकि खाद्य पदार्थों सहित रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी आसमान छू रहे हैं।
लागुरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में ईंधन के दाम कम नहीं किए जा रहे हैं। इसका सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ रहा है, जिससे हर जरूरी वस्तु महंगी होती जा रही है। उन्होंने बताया कि बढ़ती महंगाई के कारण आम लोगों का मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और छोटे व्यापारी भी बिक्री में गिरावट से परेशान हैं।
झामुमो ने केंद्र सरकार पर आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने और उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियां अपनाने का आरोप लगाया है। पार्टी ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में तत्काल कमी करने तथा महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
घोषित कार्यक्रम के तहत जिले के सभी वर्ग संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस महाधरना में शामिल होंगे। झामुमो ने आम लोगों से भी इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
