सरायकेला: ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व के मद्देनज़र जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में देर रात अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला तथा डीएसपी मुख्यालय, सरायकेला के नेतृत्व में मंडल कारा सरायकेला में संयुक्त रूप से सघन निरीक्षण एवं तलाशी अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंडल कारा के कुल 14 वार्डों में गहन जांच की। अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। तलाशी अभियान के दौरान वार्डों, बैरकों एवं कारा परिसर की बारीकी से जांच की गई। हालांकि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि बकरीद पर्व के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
