Chaibasa News: गोईलकेरा में विधायक और उपायुक्त ने किया योजनाओं का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मनोहरपुर विधायक जगत माझी एवं उपायुक्त मनीष कुमार ने विभिन्न विकास योजनाओं एवं सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने आम बागवानी, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल व्यवस्था एवं प्रखंड कार्यालय के कार्यों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान विधायक एवं उपायुक्त ने बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लाभुक सुरेश चंद्र चंपिया द्वारा संचालित आम बागवानी का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आम की विभिन्न प्रजातियों, सिंचाई व्यवस्था, बाजार उपलब्धता एवं आमदनी की जानकारी ली। उपायुक्त ने बताया कि जिले में फल उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए आम क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिससे किसानों को सीधे खरीदारों से जुड़ने का लाभ मिलेगा।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने गोईलकेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान ओपीडी सेवा, प्रसव कक्ष, फार्मेसी, जांच व्यवस्था, टीकाकरण एवं साफ-सफाई का जायजा लिया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखने तथा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।

प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर में “चुप्पी तोड़ो-स्वस्थ रहो” अभियान के तहत जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं जल सहियाओं को अभियान से जुड़ी शपथ दिलाई गई। इसके उपरांत सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सर्वजन पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राजस्व शिविर, आपदा प्रबंधन, वनपट्टा सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण, पेयजल व्यवस्था, बिजली आपूर्ति एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के बाद विधायक एवं उपायुक्त ने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर ड्यूटी रोस्टर, शाखा पंजी एवं कार्यालय अनुशासन की समीक्षा की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध कार्य निष्पादन एवं आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post