Chaibasa News: प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के सफल संचालन को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित


चाईबासा: प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं योजना संचालन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित डीडीसी सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण जिला समाज कल्याण शाखा, पश्चिमी सिंहभूम, निदेशालय एवं IPE Global के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने किया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्वेता भारती, विभिन्न प्रखंडों के सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिकाएं एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। IPE Global CKD की ओर से ट्रेनिंग एंड IEC एक्सपर्ट मृत्युंजय नायक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के संचालन, पोर्टल प्रविष्टि, आवेदन प्रक्रिया, लाभुक स्वीकृति, भुगतान प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था, ताकि योजना का सुचारू एवं प्रभावी संचालन प्रखंड एवं आंगनबाड़ी स्तर तक सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान लंबित मामलों के निष्पादन, लाभुक पंजीकरण, फेस ऑथेंटिकेशन, आधार सीडिंग, डीबीटी इनेबल एवं एनपीसीआई मैपिंग जैसी प्रक्रियाओं पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच के तुरंत बाद उनका पीएमएमवीवाई पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि समय पर लाभ प्रदान किया जा सके। मास्टर ट्रेनर दीपिका जोजावर एवं मनीष कुमार लाल ने योजना के विभिन्न मॉड्यूल पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि जिला स्तरीय प्रशिक्षण के बाद इसी प्रकार का प्रशिक्षण प्रखंड स्तर पर भी आयोजित किया जाएगा, जिससे आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं संबंधित कर्मियों को योजना की पूरी जानकारी मिल सके। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को जमीनी स्तर तक पहुंचाने एवं पात्र लाभुकों को समय पर लाभ दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post