चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों में शुक्रवार को गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में गोईलकेरा प्रखंड के कुईरा पंचायत स्थित कुईरा गांव में आयोजित कार्यक्रम में मनोहरपुर विधायक जगत माझी, उपायुक्त मनीष कुमार, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राज लक्ष्मी सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद अबुआ आवास योजना के तहत निर्मित तीन नए आवासों में लाभुक यशमिता बानरा, जयपाल गोप एवं पूजा सोय का विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा लाभुकों को उपहार स्वरूप प्रेशर कुकर प्रदान किया गया तथा नव निर्मित आवास परिसर में फलदार पौधों का रोपण भी किया गया।
गृह प्रवेश कार्यक्रम के उपरांत पंचायत सचिवालय परिसर में “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान के तहत माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने को लेकर शपथ दिलाई गई। साथ ही जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके अलावा पंचायत पुस्तकालय ज्ञान केंद्र का फीता काटकर शुभारंभ किया गया।
इसके बाद पंचायत सचिवालय सभागार में संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 छात्र-छात्राओं को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं निक्षय मित्र योजना के तहत दो टीबी मरीजों को पोषाहार बैग भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जगत माझी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रशासन गांवों तक पहुंच रहा है। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिले के सभी 18 प्रखंडों में गृह प्रवेश अभियान चलाकर करीब 500 लाभुकों को नए घरों में प्रवेश कराया जा रहा है। उन्होंने पंचायत सचिवालयों में ज्ञान केंद्र, प्रज्ञा केंद्र एवं अन्य सुविधाओं को मजबूत बनाने पर जोर दिया। साथ ही मलेरिया उन्मूलन अभियान एवं किशोरियों के स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों की भी जानकारी दी।
