चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न गांवों में शुक्रवार को आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों ने कुल 303 मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क आयुष औषधियां उपलब्ध कराईं। आयुष विभाग द्वारा आयोजित यह विशेष अभियान जिले के सुदूर ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। ऐसे गांव जहां आवागमन के लिए कच्ची सड़कों पर निर्भर रहना पड़ता है और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचना कठिन होता है, वहां आयुष चिकित्सकों ने पहुंचकर ग्रामीणों को चिकित्सा लाभ उपलब्ध कराया।
शिविरों में मधुमेह एवं रक्तचाप की जांच के साथ-साथ वात, गठिया, बवासीर, चर्म रोग, रक्ताल्पता, मूत्र रोग, दंत एवं कर्ण विकार सहित मौसम जनित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया। मरीजों को आवश्यक आयुष दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं। यह स्वास्थ्य शिविर हाटगम्हरिया के बलंडिया, नोवामुंडी के बड़ाजामदा फुटबॉल मैदान, खुटपानी के ऊपरलोटा एवं बासाहातु, गोईलकेरा के बराबीर, बंदगांव के करंजो कराइकेला, जगन्नाथपुर के मोंगरा, मनोहरपुर के पुराना मनोहरपुर तथा मंझारी के पुरदा गांव में आयोजित किए गए।
शिविर में डॉ. यशवंती, डॉ. टिम्मा, डॉ. सुष्मिता, डॉ. सुशील, डॉ. सूर्यभूषण, डॉ. अनिरुद्ध, डॉ. निशा, डॉ. राधिका एवं डॉ. प्रदीप सहित आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान योग प्रशिक्षकों द्वारा ग्रामीणों को योगाभ्यास कराया गया तथा साफ-सफाई, संतुलित आहार और नशा मुक्त जीवन के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को किसी भी बीमारी की स्थिति में आशा एवं सहिया दीदियों से संपर्क कर समय पर स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार कराने की अपील की।
