Chaibasa News: विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर किशोरियों को किया गया जागरूक



चाईबासा: विश्व मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त एवं उपस्थित किशोरियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया तथा कार्यक्रम में शामिल किशोरियों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को माहवारी एवं मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी देना, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज में व्याप्त भ्रांतियों एवं मिथकों को दूर करना था।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक सामान्य एवं प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन आज भी समाज में इसे लेकर संकोच और गलत धारणाएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव और सामाजिक दबाव के कारण कई किशोरियां सही मासिक धर्म स्वच्छता का पालन नहीं कर पाती हैं। उन्होंने सभी किशोरियों को स्वच्छ सेनेटरी पैड, साफ पानी और उचित शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि माहवारी को लेकर समाज में खुलकर बातचीत करने की जरूरत है। उन्होंने किशोरियों से अपील की कि वे इस विषय पर अपने अभिभावकों एवं सहेलियों से खुलकर बात करें तथा माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाएं।

कार्यक्रम में किशोरी अंशु गोप एवं स्नेहा बिरूवा ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि अब समुदाय में मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ी है, लेकिन अभी भी इस विषय पर खुलकर चर्चा नहीं होती है। इस अवसर पर माहवारी स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली पांच किशोरियों को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम में शामिल 20 किशोरियों को माहवारी स्वच्छता से संबंधित सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की गई।

कार्यक्रम के अंत में उप विकास आयुक्त द्वारा सभी प्रतिभागियों को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने एवं दूसरों को जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षिकाएं, सेविकाएं एवं किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहीं।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post