हो भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग तेज, राज्यसभा सांसद से मिले प्रतिनिधि

 हो भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग तेज, राज्यसभा सांसद से मिले प्रतिनिधि



santosh verma

Chaibasaः आदिवासी हो समाज युवा महासभा के प्रतिनिधियों ने किरीबुरू में राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा से मुलाकात कर हो भाषा को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को एक बार फिर प्रमुखता से उठाया। इस दौरान प्रतिनिधियों ने सांसद को साल का पौधा भेंट कर उनके द्वारा राज्यसभा में इस मुद्दे को मजबूती से उठाने पर आभार प्रकट किया। महासभा के राष्ट्रीय संगठन सचिव गोपी लागुरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि हो समाज पिछले 40-50 वर्षों से भाषा की मान्यता के लिए निरंतर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में कई बार उठाया जा चुका है, साथ ही दो राज्यों से इसकी अनुशंसा भी की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो पाई है। प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि समाज द्वारा दोलाबु-दिल्ली अभियान के तहत हर वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन किया जाता है। इसके अंतर्गत रेल जाम, सड़क जाम, रैली, पैदल यात्रा, साइकिल यात्रा, पोस्टकार्ड अभियान और धरना-प्रदर्शन जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इतना ही नहीं, समाज के प्रतिनिधि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और जनजातीय मामलों के मंत्री से भी कई बार मुलाकात कर चुके हैं। महासभा ने कहा कि लंबे संघर्ष के बावजूद केंद्र सरकार की ओर से अब तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है, फिर भी समाज को उम्मीद है कि सांसद के प्रयासों से इस दिशा में प्रगति होगी। इस पर सांसद प्रदीप वर्मा ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि वे इस मांग को पुनः सरकार के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाएंगे। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता धनुर्जय लागुरी सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post