Chaibasa News: सदर अस्पताल चाईबासा की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर जोर, उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत सदर अस्पताल चाईबासा में शुक्रवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी, सदर अस्पताल अधीक्षक, चिकित्सा पदाधिकारी, जीएनएम एवं वार्ड इंचार्ज मौजूद रहे।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों तथा मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में जिले का प्रमुख चेहरा है, इसलिए सभी चिकित्सक एवं कर्मी समय पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।

उपायुक्त ने अस्पताल आने वाले रोगियों एवं उनके परिजनों के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि मरीज इलाज की उम्मीद लेकर अस्पताल आते हैं, ऐसे में सभी कर्मियों का व्यवहार संवेदनशील एवं सहयोगात्मक होना चाहिए।

उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि अस्पताल में संचालित सभी स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह क्रियाशील रहें तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आम लोगों को अधिकतम लाभ दिया जाए। साथ ही सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक के निबंधन एवं सुचारु संचालन की दिशा में तेजी से कार्य करने की बात कही।

बैठक में जांच रिपोर्ट वितरण के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था, डॉक्टरों की ड्यूटी रोस्टर का दैनिक प्रदर्शन, स्वास्थ्य शिविरों की सूचना प्रदर्शित करने तथा मरीजों की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, बिजली बैकअप व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया। वहीं अस्पताल परिसर, वार्डों एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण करने की बात भी कही।

बैठक के अंत में उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय भागीदारी से जिले में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था स्थापित करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवा मानव कल्याण का महत्वपूर्ण हिस्सा है और मरीजों को बेहतर माहौल में इलाज उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post