सरायकेला: सरायकेला-खरसावाँ जिला अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिले के विभिन्न ईदगाहों एवं मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सुबह विशेष नमाज अदा कर देश एवं समाज में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।
पर्व को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सभी संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन द्वारा लगातार क्षेत्र में गश्ती कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। कई स्थानों पर सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।
जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न होने पर जिलेवासियों का आभार व्यक्त करते हुए आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की है।
