Chaibasa News: चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर चाइल्ड हेल्पलाइन डेस्क का निरीक्षण, बाल तस्करी पर सख्ती के निर्देश


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने रविवार को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन परिसर में संचालित रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन डेस्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डेस्क पर तैनात कर्मियों से अब तक चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से रेस्क्यू किए गए बच्चों की संख्या एवं उनके पुनर्वास से संबंधित कार्यों की जानकारी ली।

उपायुक्त ने संबंधित कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों के प्रति पूरी तत्परता बरतें और बाल तस्करी पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए सक्रिय रहें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने आगे कहा कि जिले को बाल श्रम एवं बाल पलायन जैसी समस्याओं से मुक्त रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही बच्चों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उनके समग्र विकास को सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उपायुक्त ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया, ताकि जिले के किसी भी हिस्से से बाल तस्करी या संबंधित घटनाओं की सूचना तुरंत संबंधित विभाग तक पहुंच सके।

इस दौरान पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी, चक्रधरपुर स्टेशन प्रबंधक, रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

आपातकालीन सेवाओं के लिए डायल करें – 112

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post