हजारीबाग में पत्रकारों के साथ घटित घटना के खिलाफ लाया गया निंदा प्रस्ताव, अध्यक्ष मो परवेज ने कहा-पत्रकारों पर हमला बर्दाश्त नहीं...
घाटशिला: मजदूर दिवस के अवसर पर घाटशिला प्रेस क्लब की महत्वपूर्ण बैठक जेएन पैलेस में अध्यक्ष मो परवेज की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन समेत अनुमंडल क्षेत्र के बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन को और सशक्त बनाने तथा पत्रकार हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य आकर्षण घाटशिला प्रेस क्लब के भवन निर्माण का मुद्दा रहा। अध्यक्ष मो परवेज ने विधायक को मांगपत्र सौंपते हुए पत्रकारों के लिए बैठने और कार्य करने हेतु स्थायी भवन की आवश्यकता बताई।
विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने इस मांग को सहर्ष स्वीकार करते हुए जल्द ही प्रेस क्लब भवन निर्माण कराने का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण के लिए तीन संभावित स्थानों पर जमीन देखी जा चुकी है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर अपने विधायक निधि से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। विधायक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पत्रकारों के हित में जो भी संभव होगा, उसे प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से सजग और निष्पक्ष रहकर कार्य करने तथा घाटशिला विधानसभा के सर्वांगीण विकास में सहयोग करने की अपील की। साथ ही उन्होंने अपने दिवंगत बाबा एवं पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के सपनों का जिक्र करते हुए कहा कि घाटशिला को एजुकेशन हब और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बैठक में अध्यक्ष मो परवेज ने पत्रकारों के ग्रुप इंश्योरेंस, रजिस्ट्रेशन और बैंक अकाउंट जैसी बुनियादी जरूरतों पर जोर देते हुए सभी से एकजुट रहने का आह्वान किया। वहीं हजारीबाग में कथित रूप से मंत्री इरफान अंसारी के समर्थकों द्वारा पत्रकारों के साथ हुई बदसलूकी की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। कार्यकारी अध्यक्ष सुशील अग्रवाल ने कहा कि देश या प्रदेश में कहीं भी पत्रकारों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महासचिव रुपेश दूबे और कोषाध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि कम समय में प्रेस क्लब ने कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जो सराहनीय है। बैठक में संरक्षक राजेश सिंह, जयकिशोर, सुरेश सिंह चौहान, धनंजय सिंह, ओमप्रकाश शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनका सभी ने स्वागत किया। कार्यक्रम में स्वागत भाषण उपाध्यक्ष मुरारी प्रसाद ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राहुल सिंह ने किया। कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन महासचिव रुपेश दूबे ने किया। इस दौरान सदस्यों के बीच पहचान पत्र का भी वितरण किया गया।
बैठक में संरक्षक जवाहरलाल परिडा, सलाहकार इला पॉल, अनूप साव, जुबैर सिद्दकी, अशोक सतपती, गणेश प्रसाद, रणधीर सिंह, राजेंद्र यादव, भूदेव चंद्र मार्डी, राकेश सिंह, गणेश बारीक, सनत पाणी, मुन्ना तिवारी, कमलेश सिंह, सुमन सिंह, सिद्धार्थ आनंद, कुश महतो, प्रकाश दास, सोनू गुप्ता, मणी शंकर, गौरव पाल, विश्वकर्मा सिंह, रंजन गुप्ता, धीरज कुमार, निरंजन रथ, हिमांशु करण, मो. कलीमुद्दीन, काजल मिश्रा, रंजीत राणा, श्यामा प्रसाद दास, हर्ष राय, देवाशीष नायक, सुनील साहू, सावना हेंब्रम, बायला हेंब्रम, कृष्णा पॉल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।


