गांधी जयंती पर गांधी मैदान-चाईबासा में बापू की आदमकद प्रतिमा का हुआ अनावरण
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत उत्कृष्ट छात्र-छात्राएं सम्मानित, सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट वितरित*
संतोष वर्मा
चाईबासाः2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के गांधी मैदान-चाईबासा में नव अधिष्ठापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग, झारखंड सरकार के माननीय मंत्री दीपक बिरुवा के द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता सुश्री ईरा जोरवाल, सदर चाईबासा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सदर अंचल अधिकारी श्री उपेंद्र कुमार, नगर परिषद के उपाध्यक्ष श्री विकास शर्मा, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी श्रीमती संतोषनी मुर्मू सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
*◆ बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि*
प्रतिमा अनावरण के पश्चात माननीय मंत्री दीपक बिरुवा सहित उपस्थित सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्यजनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नव अधिष्ठापित आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित जनों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सेवा एवं सामाजिक समरसता के संदेश को स्मरण किया। गांधी जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया गया।
*◆ पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन*
इसके उपरांत देश के दूसरे प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर भी उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशभक्ति को स्मरण किया। श्री शास्त्री का जीवन अनुशासन, सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए उपस्थित जनों ने देशहित में समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
*◆ स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान*
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ एवं सशक्त समाज की बुनियाद माना था। स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से हमें अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ समाज में स्थायी जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करनी है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के स्वच्छ एवं आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए जनभागीदारी के साथ स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता के प्रति लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं समुदायों को स्वच्छता गतिविधियों से जोड़कर स्वच्छता को जनअभियान का स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चे स्वच्छता के संदेश के सबसे प्रभावी वाहक हैं और उनके माध्यम से परिवार एवं समाज में स्वच्छता की सकारात्मक आदतों को बढ़ावा दिया जा सकता है।
*◆ प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट छात्र-छात्राएं सम्मानित*
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत विद्यालयों में आयोजित पेंटिंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को माननीय मंत्री दीपक बिरुवा द्वारा प्रशस्ति पत्र, मेडल, डिजिटल घड़ी सहित अन्य सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अपने विद्यालय, घर एवं समाज में स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
*◆ सफाई कर्मियों के बीच सुरक्षा किट का वितरण*
कार्यक्रम के दौरान चाईबासा नगर परिषद के सफाई कर्मियों के बीच सुरक्षा किट का भी वितरण किया गया। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके कार्य के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। साथ ही, सफाई कार्य के दौरान कर्मियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।
*◆ स्वच्छता ही सेवा की दिलाई गई शपथ*
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता की शपथ ली। सभी ने अपने घर, कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने तथा स्वच्छता के प्रति अन्य लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।

