Saraikela: आदित्यपुर में ‘संवेदना’ का वार्षिक रक्तदान शिविर, उप महापौर अंकुर सिंह ने रक्तदान कर युवाओं को किया प्रेरित

टाटा स्टील कम्युनिटी सेंटर में आयोजित शिविर में उमड़ा उत्साह, जमशेदपुर ब्लड बैंक के सहयोग से हुआ सुरक्षित रक्त संग्रह


आदित्यपुर(सरायकेला): सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध संस्था ‘संवेदना एक छोटी सी पहल’ द्वारा रविवार को आदित्यपुर-2, मार्ग संख्या 5 स्थित टाटा स्टील कम्युनिटी सेंटर में वार्षिक रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। जमशेदपुर ब्लड बैंक के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस शिविर में सुबह से ही रक्तदाताओं का उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन आदित्यपुर नगर निगम के उप महापौर अंकुर सिंह एवं सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व झामुमो प्रत्याशी गणेश महाली ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। रक्त का कोई विकल्प नहीं होता और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।



शिविर के दौरान उप महापौर अंकुर सिंह ने स्वयं रक्तदान कर एक प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पुण्य कार्य होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जमशेदपुर ब्लड बैंक की टीम द्वारा पूरी सावधानी और स्वच्छ वातावरण में रक्त संग्रह किया गया। संस्था के सदस्यों ने बताया कि संकलित रक्त को ब्लड बैंक को सौंपा जाएगा, जिससे थैलेसीमिया पीड़ितों और आपातकालीन मरीजों को सहायता मिल सके।

आयोजन को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर संजय श्रीवास्तव, लक्ष्मण प्रसाद राय, बलवंत पांडेय, बसंत प्रसाद, ऊषा पांडेय समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post