सारंडा में नक्सल विरोधी अभियान तेज, IED ब्लास्ट में कोबरा जवान घायल, एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया

 सारंडा में नक्सल विरोधी अभियान तेज, IED ब्लास्ट में कोबरा जवान घायल, एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया

Chaibasaःपश्चिम सिंहभूम जिले स्थित सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों पर एक और आईईडी हमला हुआ। सुबह करीब 8:30 बजे छोटानागरा थाना क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में कोबरा बटालियन-210 के जवान अभिनव कुमार मित्तल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है।*

*बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में बुधवार सुबह से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है। बालिबा और आसपास के जंगलों में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों ओर से लगातार गोलीबारी हो रही है। इससे पहले बुधवार को हुई मुठभेड़ में भी सुरक्षाबलों के पांच जवान घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट किया गया था।*

*ताजा आईईडी विस्फोट के बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को कुछ अहम सफलता मिलने के संकेत भी हैं और कई नक्सलियों के हताहत होने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।*

*पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस ऑपरेशन में कुख्यात नक्सली नेता मिसिर बेसरा की घेराबंदी कर दी गई है। सुरक्षाबल उसे पकड़ने के लिए चारों ओर से रणनीतिक दबाव बना रहे हैं। बताया जा रहा है कि उसके साथ अन्य शीर्ष नक्सली भी क्षेत्र में मौजूद हैं।वहीं अधिकारियों का मानना है कि सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों की सक्रियता पहले की तुलना में काफी सीमित हो गई है और उनकी गतिविधियां अब मुख्य रूप से छोटानागरा थाना क्षेत्र तक सिमट कर रह गई हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों को उम्मीद है कि यह अभियान निर्णायक साबित हो सकता है और जल्द ही सारंडा क्षेत्र को नक्सल गतिविधियों से मुक्त किया जा सकेगा।*

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post