सरायकेला: सरायकेला जिले के आदित्यपुर दरभंगा से एक बेहद दुखद और गंभीर खबर सामने आई है, जहां इंडो डेनिश टूल रूम में ऑन ड्यूटी एक कर्मचारी की मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत संचालित इंडो डेनिश टूल रूम, दरभंगा में कार्यरत धीरज सिंह की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, धीरज को आदित्यपुर से दरभंगा काम के लिए भेजा गया था। बताया जा रहा है कि अत्यधिक गर्मी के बावजूद उन्हें काम पर लगाया गया, लेकिन वहां समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी।
परिजनों का आरोप है कि धीरज की तबीयत बिगड़ने के बाद भी प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। समय पर इलाज और आवश्यक सुविधाएं नहीं मिलने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
अखिल भारतीय ब्रह्मर्षी युवा मंच के अध्यक्ष कमल नयन, ने कहा “यह कोई छोटी घटना नहीं है, बल्कि यह सोची-समझी लापरवाही है। एक कर्मठ युवा की जान चली गई। अगर प्रबंधन ने उचित कार्रवाई नहीं की तो हम व्यापक आंदोलन करेंगे। जरूरत पड़ी तो प्रबंधन पर हत्या का मामला भी दर्ज कराया जाएगा।”
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इंडो डेनिश टूल रूम प्रबंधन के खिलाफ छात्रों ने भी हंगामा किया था और कई गंभीर आरोप लगाए थे। अब इस घटना के बाद एक बार फिर संस्थान की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले में प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
