भाजपा त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की मजबूत नींव पर खड़ी पार्टी हैः मधु कोड़ा
संतोष वर्मा
Chaibasaःपश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) स्थित भाजपा जिला कार्यालय में स्थापना दिवस के अवसर पर एक गरिमामय एवं भावनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी ध्वज फहराकर की गई तथा संस्थापक आदर्शों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि भाजपा त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की मजबूत नींव पर खड़ी पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए सभी लोग पार्टी की नीति और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें।
पूर्व सांसद श्रीमती गीता कोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा ने हमेशा गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के उत्थान का कार्य किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए जनता से अपील की कि वे पार्टी की जनहितकारी नीतियों पर विश्वास कर संगठन से जुड़ें और विकास यात्रा में सहभागी बनें।
जिला अध्यक्ष गीता बलमूचु एवं प्रदेश प्रवक्ता जे.बी. तुबिड ने अपने संयुक्त संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना वर्ष 1980 में पंडित अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी एवं डॉ. मुरली मनोहर जोशी जैसे राष्ट्रनिष्ठ नेताओं द्वारा राष्ट्रवाद, सुशासन और जनसेवा के उद्देश्य से की गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्थापना दिवस संदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए, यही पार्टी की असली ताकत है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए संगठन के विस्तार और जनसेवा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने बलिदानों को स्मरण करते हुए राष्ट्रसेवा का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर मुख्य रूप से नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, रंजन प्रसाद ,सनी पासवान , शुरू नंदी , नितिन विश्वकर्मा , दिलीप साहू जय किशन बिरुली, तरुण सवैया ,अक्षय खत्री, पंकज खिरवाल पिंटू प्रसाद, रूपा दास, इत्यादि सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ता एवं पार्टी के पदाधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे.



