135वें जिला दण्डाधिकारी -सह- उपायुक्त के रूप में मनीष कुमार ने निवर्तमान उपायुक्त चंदन कुमार से जिले का पदभार ग्रहण किया
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी एवं महत्वपूर्ण योजनाओं की पहुंच अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक हो, यही मेरा प्रयास रहेगा
संतोष वर्मा
Chaibasaः रविवार को पश्चिम सिंहभूम जिले के 135वें जिला दण्डाधिकारी -सह- उपायुक्त के रूप में मनीष कुमार ने निवर्तमान उपायुक्त चंदन कुमार से जिले का पदभार ग्रहण किया। जिले के नवनियुक्त जिला दण्डाधिकारी -सह- उपायुक्त मनीष कुमार भारतीय प्रशासनिक सेवा 2018 बैच के पदाधिकारी हैं। इससे पूर्व वे पाकुड़ ज़िले में उपायुक्त के पद पर पदस्थापित रहे।
पदभार ग्रहण उपरांत जिले के उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी एवं महत्वपूर्ण योजनाओं की पहुंच अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक हो, यही मेरा प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक पहलुओं को समझ कर एवं स्थानीय रीति रिवाज का सम्मान करते हुए जिले में उचित विधि-व्यवस्था का संधारण और निरंतर विकास कार्य जारी रहे, यही मेरे नेतृत्व में जिला प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। जिले में पूर्व से संचालित नवाचारों एवं कार्यक्रमों को समझते हुए आगे बढ़ना है।

