सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित बेबको कंपनी के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे लगभग 56 मजदूरों पर कथित रूप से हमला कर दिया गया। मजदूरों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा बुलाए गए बाउंसरों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया, जिसमें कई मजदूर घायल हो गए। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मजदूर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कंपनी गेट के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कथित रूप से बाउंसरों द्वारा उन पर हमला कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने मजदूरों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे मौके पर भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता प्रेम मार्डी, नगर अध्यक्ष प्रदीप महतो और प्रखंड अध्यक्ष गोपाल चंद्र महतो मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गम्हरिया में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
इलाज के बाद घायल मजदूर एंबुलेंस से आदित्यपुर थाना पहुंचे, जहां उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मजदूरों ने कहा “हम लोग अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, तभी अचानक बाउंसरों ने आकर हमला कर दिया। कई साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।”
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि मजदूरों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
