सरायकेला/चांडिल: आगामी होली पर्व 2026 को लेकर विधि-व्यवस्था संधारण एवं अवैध शराब निर्माण-बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद के नेतृत्व में सोमवार को विशेष छापामारी अभियान चलाया गया।
दिनांक 02 मार्च 2026 को चांडिल थाना अंतर्गत चिल्गु के समीप चाकुलिया एवं भदौड़ीह ग्राम में उत्पाद विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कुल 3 अवैध चुलाई अड्डों को ध्वस्त कर दिया।
छापेमारी के दौरान मौके से लगभग 500 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। वहीं 35 लीटर महुआ शराब भी जब्त की गई।
बरामदगी के उपरांत संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
