आदित्यपुर: आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में आज बीएड और डी.एल.एड के विद्यार्थियों के लिए प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। शहर समेत आसपास के कई विद्यालयों के प्रतिनिधि इस ड्राइव में पहुँचे और प्रशिक्षुओं के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। प्लेसमेंट ड्राइव को लेकर विद्यार्थियों में खास उत्साह देखने को मिला। अपने ही महाविद्यालय के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने का यह अवसर उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा।
महाविद्यालय प्रबंधन की सदस्या अनिता महतो ने कहा कि कॉलेज का प्रयास है कि प्रशिक्षुओं को निरंतर अच्छे रोजगार अवसर मिलते रहें, ताकि वे अपने करियर की बेहतर शुरुआत कर सकें। वहीं प्लेसमेंट सेल की प्रभारी एवं सहायक प्राध्यापक लीना महंता ने बताया कि इस प्रक्रिया से विद्यार्थियों को रोजगार के साथ-साथ स्वयं के मूल्यांकन का अवसर मिलता है, जो उनके पेशेवर विकास में सहायक होगा।
आज प्लेसमेंट प्रक्रिया का पहला चरण पूरा हुआ। विद्यार्थियों को शॉर्टलिस्ट कर लिया गया है और अब उन्हें इंटरव्यू के अगले चरण के लिए संबंधित विद्यालयों में बुलाया जाएगा। महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से प्लेसमेंट ड्राइव के लिए पूरी तैयारी की गई थी, जिससे विद्यार्थियों को अपने कौशल और योग्यता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिला।
