Saraikela: उपायुक्त ने आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक में ई-केवाईसी, स्टॉक सत्यापन और वितरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के दिए सख्त निर्देश


सरायकेला: सरायकेला-खरसावाँ समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सार्वजनिक वितरण प्रणाली से लेकर ई-केवाईसी, नमक वितरण और धान अधिप्राप्ति जैसे प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पात्र लाभुकों को समय पर और पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ पहुँचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने, लंबित आधार एवं मोबाइल नंबर सीडिंग को शीघ्र पूर्ण करने तथा जिन लाभुकों ने लंबे समय से राशन नहीं उठाया है, उनके मामलों में स्थलीय जांच कर नाम विलोपन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में उपायुक्त ने गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र के सभी राशन डीलरों के स्टॉक सत्यापन के लिए जिला स्तरीय टीम गठित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट कहा गया कि कम वितरण प्रतिशत वाले राशन डीलरों पर विशेष नजर रखी जाए और आवश्यक होने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाए।

उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को नियमित निरीक्षण, रेड श्रेणी की दुकानों के भौतिक स्टॉक मिलान, तथा वितरण कार्यों में शत-प्रतिशत DSD सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने गोदामों में खाद्यान्न के सुरक्षित और मानक अनुरूप भंडारण पर भी जोर दिया।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक और विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post