सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका पंचायत के ग्राम दुबराजपुर में आज दिनांक 02.03.2025 को सामुदायिक पुलिसिंग के तहत एक दिवसीय फुटबॉल एवं हॉकी मैच का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल, पुलिस निरीक्षक चांडिल तथा Chowka Police Station में पदस्थापित एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्र के गणमान्य लोगों की भी सराहनीय भागीदारी रही।
खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना, नशामुक्ति का संदेश देना तथा पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों के बीच खेल से संबंधित किट एवं जर्सी का वितरण किया गया। पुलिस पदाधिकारियों ने युवाओं को खेल के माध्यम से अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है और युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
