सरायकेला: भगवान महावीर स्वामी की जयंती के अवसर पर सरायकेला विधानसभा कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी सह सांसद प्रतिनिधि प्रो. के.पी. सोरेन एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश नारायण चौबे ने संयुक्त बयान जारी कर पूरे क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
के.पी. सोरेन ने कहा कि भगवान महावीर का अहिंसा सिद्धांत किसी साधारण उपदेश का नाम नहीं, बल्कि एक गहन दार्शनिक चेतना है। महावीर स्वामी बताते हैं कि हिंसा केवल हथियारों से होने वाला नुकसान नहीं, बल्कि हर वह परिस्थिति है जहाँ किसी के अस्तित्व, सम्मान और जीवन-निर्वाह पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर बढ़ रहे तनाव इस बात का प्रमाण हैं कि युद्ध केवल सीमाओं पर नहीं लड़ाए जाते, बल्कि उसकी प्रतिध्वनि आम जनजीवन तक पहुँचती है। ऐसे संघर्षों का प्रभाव उन निर्दोष लोगों पर भी पड़ता है, जिनका उन फैसलों से प्रत्यक्ष संबंध तक नहीं होता। महावीर स्वामी के उपदेश हमें करुणा, सत्य और संयम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
इसी क्रम में प्रो. सोरेन और जगदीश चौबे ने गम्हरिया प्रखंड के सभी पांडालों एवं आयोजकों को मंगला पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। उक्त जानकारी प्रो. के.पी. सोरेन के प्रेस सचिव सह गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा (इशु बाबू) ने दी।
