Saraikela Municipal Election: नगर निकाय आम निर्वाचन 2026 को लेकर सरायकेला-खरसावाँ जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, चुनाव कार्यक्रम घोषित


सरायकेला: जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त सरायकेला–खरसावाँ द्वारा नगर निकाय आम निर्वाचन 2026 को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग, झारखण्ड, राँची के प्रेस नोट संख्या 187 दिनांक 27.01.2026 के आलोक में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के निर्वाचन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि, 28 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे प्रपत्र-5 में निर्वाचन की अधिसूचना का प्रकाशन किया गया। 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 5 फरवरी को होगी। 06 फरवरी को नाम वापसी की तिथि निर्धारित है। 07 फरवरी को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर 23 फरवरी 2026 को प्रातः 07 बजे से शाम 05 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 फरवरी 2026 को प्रातः 08 बजे से प्रारंभ होगी।

जिले के तीन नगर निकायों में कुल 67 वार्डों के लिए 180 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। आदित्यपुर नगर निगम में 35 वार्डों के लिए 136 मतदान केंद्र, कपाली नगर परिषद में 21 वार्डों के लिए 31 मतदान केंद्र तथा सरायकेला नगर पंचायत में 11 वार्डों के लिए 13 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। मतदाताओं की कुल संख्या 1 लाख 84 हजार 417 है, जिनमें पुरुष मतदाता 92,756, महिला मतदाता 91,659 एवं तृतीय लिंग के 2 मतदाता शामिल हैं।

निर्वाचन व्यय सीमा की जानकारी देते हुए बताया गया कि आदित्यपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए 15 लाख रुपये एवं वार्ड पार्षद के लिए 03 लाख रुपये, कपाली नगर परिषद अध्यक्ष के लिए 06 लाख रुपये एवं वार्ड पार्षद के लिए 1.5 लाख रुपये, सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 05 लाख रुपये एवं वार्ड पार्षद के लिए 1 लाख रुपये की अधिकतम व्यय सीमा निर्धारित की गई है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 मतपेटियों के माध्यम से संपन्न कराया जाएगा तथा इस चुनाव में NOTA का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा। वार्ड पार्षद के लिए सफेद रंग तथा महापौर/अध्यक्ष पद के लिए हल्के गुलाबी रंग के मतपत्र का उपयोग किया जाएगा।

मतगणना एवं बज्रगृह की व्यवस्था काशी साहू कॉलेज, सरायकेला के साइंस ब्लॉक में की जा रही है। जहाँ आदित्यपुर नगर निगम के लिए 30, कपाली नगर परिषद के लिए 08 तथा सरायकेला नगर पंचायत के लिए 07 मतगणना टेबल लगाए जाएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिला प्रशासन ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post