जमशेदपुर: जमशेदपुर प्रखंड पंचायत समिति भवन में सामान्य पंचायत समिति की मासिक बैठक उस वक्त हंगामे की भेंट चढ़ गई, जब अधिकांश विभागीय पदाधिकारी बैठक में अनुपस्थित पाए गए। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख पानी सोरेन ने की, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश, उप प्रमुख शिवकुमार हांसदा, पंचायत समिति सदस्य और मुखिया मौजूद थे।
बैठक की कार्रवाई दोपहर 12 बजे निर्धारित थी, लेकिन कुल 28 विभागीय पदाधिकारियों में से सिर्फ 6 की उपस्थिति और 22 की अनुपस्थिति के कारण पंचायत समिति सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया। सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार करने की चेतावनी दी, जिससे कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
स्थिति को संभालते हुए प्रखंड विकास कार्यालय के पदाधिकारी ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों से संबंधित पंचायतों के सवाल पूछने का आग्रह किया। इसके बाद पंचायत समिति सदस्यों को शांत कराया गया और करीब डेढ़ घंटे की देरी से, दोपहर 1:30 बजे बैठक की औपचारिक शुरुआत हुई।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पीएचईडी, बाल विकास परियोजना, कल्याण और जेएसएलपीएस विभाग के अधिकारियों से पंचायत समिति सदस्यों ने बारी-बारी से सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने जवाब दिया।
इस दौरान पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बागबेड़ा कॉलोनी में स्थायी कचरा उठाव व्यवस्था के लिए ग्राम सभा की तिथि तय करने की मांग रखी। वहीं पंसस किशोर सिंह ने अपने पंचायत क्षेत्र में ग्राम सभा आयोजित करने की बात कही।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश ने बागबेड़ा क्षेत्र के लिए सामूहिक ग्राम सभा की तिथि सुनिश्चित करने और स्वयं ग्राम प्रधान के साथ बैठक में शामिल होने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा के आयोजन के बाद आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा पंचायत समिति सदस्यों ने जेएसएलपीएस विभाग से पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने की मांग की। वहीं पीएचईडी विभाग से बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना, छोटा गोविंदपुर और बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई।
फिलहाल बैठक में उठे सवालों और मांगों पर कार्रवाई का भरोसा अधिकारियों ने दिलाया है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों में नाराज़गी साफ तौर पर देखने को मिली।


