Jamshedpur: सालगाझुरी स्टेशन पर लोकल ट्रेनों का ठहराव बंद के विरोध में संयुक्त ग्राम समन्वय समिति ने सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया

पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां का एलान - मांगें नहीं मानी गईं तो दिल्ली तक होगा आंदोलन.....


जमशेदपुर: जमशेदपुर के सालगाझुरी रेलवे स्टेशन पर लोकल ट्रेनों का ठहराव बंद किए जाने के विरोध में आज संयुक्त ग्राम समन्वय समिति जमशेदपुर के बैनर तले शांतिपूर्ण सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। सैकड़ों की संख्या में महिला–पुरुष, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि इस धरने में शामिल हुए।

यह धरना सालगाझुरी रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित किया गया, जहां प्रदर्शनकारियों ने रेल प्रशासन के फैसले पर नाराज़गी जताई। प्रदर्शन के बाद स्टेशन मास्टर सालगाझुरी के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा गया।


ज्ञापन में मांग की गई कि सालगाझुरी रेलवे स्टेशन पर पूर्व की भांति सभी लोकल ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्माणाधीन अंडर ब्रिज को जल्द पूरा कर आम जनता के लिए खोला जाए, टिकट बुकिंग काउंटर शुरू किया जाए, प्लेटफॉर्म व यात्री विश्राम शेड का निर्माण कराया जाए, सालगाझुरी से गोविंदपुर स्टेशन तक पहुंच पथ बनाया जाए और बारीगोड़ा रेलवे फाटक के पास ओवर ब्रिज का निर्माण शीघ्र कराया जाए।


प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सालगाझुरी रेलवे स्टेशन का ऑनलाइन उद्घाटन 26 फरवरी 2024 को हुआ था और इस क्षेत्र में लगभग तीन लाख की आबादी निवास करती है। हजारों दिहाड़ी मजदूर, सब्जी व्यवसायी और आम यात्री इस स्टेशन पर निर्भर हैं, लेकिन अक्टूबर 2025 से अप व डाउन लाइन की सभी लोकल ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने कहा, यदि एक माह के भीतर लोकल ट्रेनों का ठहराव पुनः शुरू नहीं हुआ, तो कोलकाता स्थित जीएम कार्यालय से लेकर दिल्ली तक आंदोलन किया जाएगा।

धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीजेपी, झामुमो, सीपीआई, कांग्रेस और आजसू के नेताओं ने रेल प्रशासन के निर्णय को जनविरोधी बताया और आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी। समिति के मुख्य संयोजक राम सिंह मुंडा ने कहा कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आगे रेल टेका आंदोलन भी किया जाएगा।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post