विधायक सोनाराम सिंकु ने जगन्नाथपुरप्रखण्ड के 46 राशन डीलरों के बीच 4G समर्थित नई ई–पॉस मशीनों का किया वितरण
झारखंड सरकार का लक्ष्य है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पूरी तरह तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जाए, ताकि लाभुकों को राशन वितरण से जुड़ी किसी भी तरह की बाधा का सामना न करना पड़ेःविधायक सोनाराम सिंकु
Santosh verma
चाईबासा: जगन्नाथपुर प्रखण्ड सभागार में शनिवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने प्रखण्ड के सभी राशन डीलरों के बीच 4G समर्थित नई ई–पॉस मशीनों का वितरण किया। कार्यक्रम में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सत्यम कुमार सहित क्षेत्र के सभी डीलर मौजूद रहे।विधायक सिंकु ने कहा कि झारखंड सरकार का लक्ष्य है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पूरी तरह तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जाए, ताकि लाभुकों को राशन वितरण से जुड़ी किसी भी तरह की बाधा का सामना न करना पड़े। नई मशीनों के मिलने से ग्रामीण और दूरदराज के इलाके भी बेहतर नेटवर्क की सुविधा के साथ डिजिटल व्यवस्था से जुड़ जाएंगे। साल 2024 में झारखंड सरकार ने निर्णय लिया था कि राज्य की लगभग 25 से 26 हजार सरकारी राशन दुकानों में वर्षों से उपयोग हो रही 2G नेटवर्क आधारित ई–पॉस मशीनों को 4G सक्षम ई–पॉस मशीनों से बदला जाएगा। इस योजना के लिए 63.72 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था।नई मशीनों में आधार आधारित मैट्रिक्स प्रमाणीकरण की सुविधा उपलब्ध है, जिससे लाभुकों की पहचान अधिक सटीक और पारदर्शी तरीके से हो सकेगी। इससे अनाज वितरण में तेजी आएगी और राशन दुकानों में होने वाली देरी, गलत रिकॉर्डिंग तथा नेटवर्क फेल जैसी समस्याओं का समाधान होगा।
पुरानी 2G मशीनें अधिकांश समय नेटवर्क समस्या से जूझती थीं। जंगल प्रखंडों, पहाड़ी क्षेत्रों और दूरस्थ गांवों में इंटरनेट नेटवर्क नहीं मिलने से लाभुकों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। कई बार वितरण में दिनभर की देरी हो जाती थी। गलत रिकॉर्डिंग और एंट्री की गड़बड़ी होती थी।ओटीपी/बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण में असफलता की समस्या आम थी। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए सरकार ने पूरी प्रणाली को 4G में अपग्रेड करने का फैसला लिया।
विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि 4G ई–पॉस मशीनों के उपयोग से अब कोई भी लाभुक अपने हक से वंचित नहीं रहेगा। सरकार की मंशा है कि तकनीक के माध्यम से पारदर्शिता और त्वरित सेवा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी डीलरों से आग्रह किया कि वे नई मशीनों का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें और लाभुकों को किसी भी प्रकार की समस्या न होने दें।
बीडीओ सत्यम कुमार ने कहा कि नई 4G ई–पॉस मशीनें झारखंड की पीडीएस व्यवस्था में बड़ी राहत लेकर आएंगी। तेज और स्थिर नेटवर्क की वजह से राशन वितरण बिना रुकावट होगा। मैट्रिक्स आधारित आधार प्रमाणीकरण से गलत पहचान या फर्जीवाड़ा बंद होगा। दूरस्थ इलाकों में भी मशीनें बेहतर तरीके से काम करेंगी। गलत रिकॉर्डिंग, नेटवर्क फेल और देरी जैसी समस्याओं में भारी कमी आएगी।



