उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में 12 एकलव्य आवासीय मॉडल विद्यालयों के संचालन कार्य की हुई समीक्षा बैठक
santosh verma
Chaibasa ःमंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता एवं परियोजना निदेशक-आईटीडीए जयदीप तिग्गा की मौजूदगी में जिला अंतर्गत 12 एकलव्य आवासीय मॉडल विद्यालयों के संचालन कार्य की समीक्षा के निमित्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बताया गया कि जिले में एकलव्य आवासीय मॉडल विद्यालय-तोरसुंदरी(खूंटपानी) का संचालन पूर्व से जारी है तथा वर्तमान में 11 एकलव्य आवासीय मॉडल विद्यालय, नोआमुंडी-मनोहरपुर, सोनुआ-गुदड़ी, मंझारी-मझगांव, टोंटो-हाटगम्हरिया, तांतनगर-गोईलकेरा व कुमारडुंगी का संचालन प्रारंभ किया जाना है। साथ ही बताया गया कि 11 एकलव्य आवासीय विद्यालय में पांच पेरेंट्स विद्यालय (नोआमुंडी/सोनुआ/मंझारी/टोंटो/तांतनगर) एवं पांच सिस्टर विद्यालय (मनोहरपुर/गुदड़ी/मझगांव/हाटगम्हरिया/गोईलकेरा) है। (सिस्टर विद्यालय का पठन-पाठन का कार्य वर्तमान में पेरेंट्स विद्यालय भवन में संचालित होगा.
बैठक में उपायुक्त के द्वारा 11 एकलव्य आवासीय विद्यालय में नामांकित कुल छात्रों की संख्या, प्रतिनियुक्त शिक्षक व अतिथि शिक्षक व चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी आदि के संदर्भ में विद्यालय वार जानकारी लिया गया। इसके साथ ही उपायुक्त के द्वारा विद्यालय भवन की वर्तमान भौतिक स्थिति, शिक्षकों के क्वार्टर एवं विद्यार्थियों हेतु छात्रावास की भौतिक स्थिति से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन का अवलोकन किया गया। बैठक में उपायुक्त के द्वारा उपस्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के प्राचार्य से विद्यालय वार शैक्षणिक एवं आवासीय गतिविधियों हेतु उपलब्ध आधारभूत-मूलभूत सुविधाओं और आवश्यकताओं, जैसे- विद्यार्थियों हेतु आवश्यक फर्नीचर, भवन परिसर में बिजली सुविधा, पेयजल व रनिंग वाटर की सुविधा, छात्रावास में विद्यार्थियों के आवासन हेतु राशन व भोजन की सुलभता व कर्मियों की उपलब्धता, बेड, मेटरेस, परिसर की साफ-सफाई हेतु कर्मी आदि की उपलब्धता से संबंधित संपूर्ण जानकारी प्राप्त की गई।
बैठक में उपायुक्त के द्वारा निर्देश दिया गया कि आगामी 10 नवंबर 2025 से सभी 11 एकलव्य आवासीय मॉडल विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य प्रारंभ किया जाना है, साथ ही इसके पूर्व छात्रावास में विद्यार्थियों के आवासन की सुविधा को सुनिश्चित भी करना है। उन्होंने कहा कि उक्त 11 एकलव्य विद्यालयों में कुल 1754 विद्यार्थी आवेदित हैं तथा इनके पठन-पाठन हेतु विषय वार 15 विभागीय केंद्र सरकार प्रायोजित शिक्षक और 58 अतिथि शिक्षक भी उपलब्ध हैं। उपायुक्त के द्वारा निर्देशित किया गया कि विद्यालय में आवेदित विद्यार्थियों को संलग्न विद्यालय आगमन की सूचना देते हुए आवेदित शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। बैठक में उपायुक्त के द्वारा परियोजना निदेशक को राशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता को आगामी दो दिनों में सभी विद्यालय भवनों में विद्युत कनेक्शन मीटर सहित उपलब्ध कराने व अग्निशमन विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए फायर सुरक्षा सर्टिफिकेट प्राप्त करने का निर्देश दिया गया, इसके अलावा उपस्थित सलंग्न कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधियों को विद्यालय भवन/परिसर में एवं छात्रावासों में सुविधा बहाल करने के तदर्थ ज्ञात सभी कमियों को तत्काल पुरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में साफ-सफाई कर्मियों की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए *उपायुक्त के द्वारा निर्देश दिया गया कि संलग्न विद्यालय के प्राचार्य अपने-अपने प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करेंगे तथा नियमानुसार पारदर्शी तरीके से स्थानीय जनों को प्राथमिकता के आधार पर चयनित करते हुए उनसे कार्य लेना सुनिश्चित करेंगे। उपायुक्त के द्वारा बैठक में स्पष्ट किया गया कि उपरोक्त सभी 11 एकलव्य आवासीय विद्यालयों में आगामी 10 नवंबर से ही पठन-पाठन का कार्य प्रारंभ होगा और संबंधित पदाधिकारी सहित सभी विद्यालय के प्राचार्य एवं संबंधित कार्यकारी एजेंसी, उक्त तिथि से पूर्व सभी आवश्यक आधारभूत एवं मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करेंगे। विद्यालय प्रारंभ होने की तिथि के उपरांत जिला स्तर से टीम का गठन करते हुए प्रत्येक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया जाएगा तथा इस दौरान खामियां प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध उचित कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।



