पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग, 2026,चाईबासा चैलेंजर्स ने मनोहरपुर लायंस को एवं कोल्हान किंग ने सारंडा वारियर्स को पराजित किया

 पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग, 2026,चाईबासा चैलेंजर्स ने मनोहरपुर लायंस को एवं कोल्हान किंग ने सारंडा वारियर्स को पराजित किया





संतोष वर्मा

चाईबासाःजिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के अंतर्गत आज खेले गए पहले मैच में चाईबासा चैलेंजर्स ने मनोहरपुर लायंस को सात विकेट से पराजित कर इस प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर पूर्वाह्न नौ बजे से खेले गए पहले मैच में टॉस चाईबासा चैलेंजर्स की टीम ने जीता तथा मनोहरपुर लायंस को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मनोहरपुर लायंस की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 177 रनों का स्कोर खड़ा किया। मध्यमक्रम में बल्लेबाजी करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज पंकज कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए छः चौके एवं सात छक्के की मदद से 87 रनों की पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में विजय रोहित ने 28 एवं तन्मय तंतुबाई को नाबाद 22 रन बनाए। चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से फैजानुल रहमान ने 18 रन देकर दो, हर्ष राणा ने 41 रन देकर दो तथा आकाश कुमार ने 46 रन देकर दो विकेट हासिल किए।



 जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी चाईबासा चैलेंजर्स की टीम ने 17.4 ओवर में मात्र तीन विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से रवि शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए तीन चौके एवं छः छक्के की सहायता से नाबाद 65 रनों की पारी खेलकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और मैन आफ द मैच का हकदार बना। अन्य बल्लेबाजों में सुमित कुमार ने चार चौके एवं चार छक्के की मदद से नाबाद 44 रन, उद्घाटक बल्लेबाज सचिन दूबे ने सात चौके की सहायता से 32 रन, अरविंद कुमार ने 22 तथा हर्ष राणा ने 15 रनों की पारी खेली। मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में चाईबासा चैलेंजर्स के रवि शर्मा को जे एस सी ए के आजीवन सदस्य अभिषेक ने मैन आफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया। 

आज ही अपराह्न एक बजे से खेले गए दूसरे मैच में कोल्हान किंग ने सारंडा वारियर्स को मात्र आठ रन से पराजित कर इस प्रतियोगिता में न सिर्फ अपनी तीसरी जीत दर्ज की बल्कि अंक तालिका में पहले स्थान पर पहूँच कर सेमीफाईनल में अपना स्थान भी पक्का कर लिया। 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोल्हान किंग ने निर्धारित बीस ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए। सबसे अच्छी बल्लेबाजी आशीष तनवर ने कि जिसने नौ चौके एवं तीन छक्के की सहायता से 78 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में तौसिफ एहसान ने भी चार चौके एवं पाँच छक्के की मदद से 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। कप्तान शिवम कुमार ने 37 तथा सत्यम यादव ने 20 रनों का योगदान दिया। सारंडा वारियर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए धीरज कुमार ने 36 रन तीन तथा हिमांशु शर्मा ने 48 रन देकर दो विकेट हासिल किए। 

जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारंडा वारियर्स की टीम ने भी भरपूर प्रयास किया पर पूरे बीस ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 202 रन ही बना पाई और 8 रनों के अंतर से मैच गंवा बैठी। सारंडा वारियर्स की ओर से अंकित शर्मा ने सात चौके एवं दो छक्के की सहायता से सर्वाधिक 48 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में कुमार करण ने चार चौके एवं तीन छक्के की सहायता से 36, बालकृष्णा ने 32 तथा जयप्रकाश राजपूत ने 24 रन बनाए। कोल्हान किंग की ओर से विकास यादव ने 29 रन देकर दो तथा हृतिक अनंत ने 34 रन देकर दो विकेट हासिल किए। सन्नी मिश्रा, पारस नंदी एवं राम रौशन शरण को एक-एक सफलता हाथ लगी। 

मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में कोल्हान किंग के आशीष तनवर को उसकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। यह पुरस्कार रुंगटा माइंस लिमिटेड के ज्वाइंट भाइस प्रेसिडेंट, कार्पोरेट अफेयर्स गिरधारी लाल पारीक मैच ने प्रदान की।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post