सरायकेला: सरायकेला-खरसावां में राज्य स्थापना दिवस समारोह–2025 के सफल आयोजन एवं “आपकी योजना – आपकी सरकार – आपके द्वार” अभियान की तैयारी को लेकर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, डीआरडीए निदेशक डॉ. अजय, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, आदित्यपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में उपायुक्त ने राज्य स्थापना दिवस से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस झारखंड की अस्मिता, एकता और विकास का प्रतीक है, इसे भव्यता, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सरायकेला स्थित नगर भवन (टाउन हॉल) में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें झारखंडी लोकनृत्य, लोकगीत और पारंपरिक कला की विविध झलकियाँ प्रस्तुत की जाएंगी। उन्होंने 11 से 15 नवम्बर तक जागरूकता रथ, फ्लैश मॉब और साइकिल रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही 11 नवम्बर को “Run for Jharkhand” कार्यक्रम का आयोजन जिला एवं प्रखंड स्तर पर किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि 11 से 14 नवम्बर तक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में चित्रकला, कविता, भाषण और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, वहीं 14 नवम्बर को सामाजिक सरोकारों पर आधारित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जाएगा। इसके साथ ही 18 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक “आपकी योजना – आपकी सरकार – आपके द्वार” अभियान के तहत जिले के सभी पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। इस बार यह कार्यक्रम “सर्टिफिकेट थीम” पर आधारित रहेगा, जिसमें लाभुकों को जाति, आय, जन्म प्रमाण पत्र सहित योजनाओं से संबंधित प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पंचायतवार रोस्टर तैयार करने का निर्देश देते हुए कहा कि शिविर ऐसे स्थलों पर आयोजित हों जहाँ आमजन की पहुँच सरल हो और मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध रहें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि 3 नवम्बर से अगले 10 दिनों तक सभी अंचलों में विशेष राजस्व शिविर आयोजित किए जाएँ, ताकि भूमि-संबंधी आवेदन, नामांतरण, सीमांकन और अन्य राजस्व मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और जनसंपर्क विभागों को समारोह स्थल की सभी तैयारियाँ समयपूर्व पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि राज्य स्थापना दिवस समारोह के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
